हवा चल रही है

on Monday, 3 September 2018
122 122 122 122
ख़िलाफ़त में मेरे हवा चल रही है।
मगर साथ मां की दुआ चल रही है।।

ये दिल मुंतज़िर है ख़ुशी के लिए पर।
ख़ुशी मुझसे मेरी ख़फ़ा चल रही है।।

अभी तर हैं अश्क़ों से आंखें ये मेरी।
तो ग़ुरबत भी मुझ पे फ़िदा चल रही है।।

अभी इश्क़ की कुछ हरारत हुई है।
अभी मेरे दिल की दवा चल रही है ।

तुम्हारे बिना दिल का गुलशन हे सूना
गुलों से भी खुशबू जुदा चल रही है !!

मुहब्बत में दिल का ये आलम है "हसरत"।
यूं लगता है जैसे सज़ा चल रही है।।

देख लेते हैं

किसी के इश्क में खुद को मिटा कर देख लेते हैं
ये रस्ता आखरी भी आज़मा कर देख लेते हैं

उजाले की ज़रुरत जब भी हमको पेश आती हे
तेरी यादों की शम्मा को जला कर देख लेते हैं

तरसती हैं निगाहें जब तेरा दीदार करने को
तसव्वुर में तेरी सूरत को ला कर देख लेते हैं

हक़ीक़त में तुझे छूना मेरी हस्ती से बाहर है
तेरी तस्वीर से ज़ुल्फ़ें हटा कर देख लेते हैं

जिसे हमने सुनाया हे कहा उसने हमें पागल
तुम्हें भी हाल ए दिल अपना सुना कर देख लेते हैं

सुना हे तीरगी का खात्मा हो जायेगा इस से
चराग़ो में लहू अपना जला कर देख लेते हैं

थे जितने दोस्त सबको आज़मा कर थक चुके हसरत
अदू को भी गले अपने लगा कर देख लेते हैं 

रफ़्ता रफ़्ता तमाम कर देंगे

रफ़्ता रफ़्ता तमाम कर देंगे
ज़िन्दगी तेरे नाम कर देंगे

तुम भुला ही न पाओगे हमको
एक दिन ऐसा काम कर देंगे

नाम तेरे पड़ी ज़रुरत तो
अपने हिस्से का जाम कर देंगे

नफरतों का ही आसरा लेकर
तेरे दिल में क़याम कर देंगे

एक "हसरत" जो बर नहीं आयी
हसरतों को हराम कर देंगे
-शरीफ़ अहमद क़ादरी"हसरत"

तेरे दीदार से पहले

on Monday, 13 February 2017
निगाहें नाज़ से पहले लबो रुखसार से पहले 
हसीं थी सारी दुनिया ये जमाले यार से पहले 

सितारों के नजारों को हसीं समझा किये बरसों 
हक़ीक़त से ही ग़ाफिल थे तेरे दीदार से पहले 

मुहब्बत आशना इसको मुहब्बत ही बताते हैं 
सनम नाराज़ होते हैं वफ़ा ओ प्यार से पहले 

ख़ुदा मालूम मरता या के कुछ दिन और जी लेता 
मसीहा बनके मिलते तो सही बीमार से पहले 

कहा उसने न छूना तुम मेरे नजदीक मत आना 
कभी इनकार से पहले कभी इक़रार से पहले 

तुझे देखा तो रुखसत हो गए होशो ख़िरद मेरे 
सुकूने क़ल्ब हासिल था तेरे दीदार से पहले 

बिठाकर सामने उनको करी हे गुफ्तगू हसरत 
बहुत बातें करीं मैंने दरो दीवार से पहले 

दुआ नहीं देता

on Sunday, 12 February 2017
दिल से कोई दुआ नहीं देता
दर्दे दिल की दवा नहीं देता

कितना संगदिल हे वो सनम मेरा 
कुछ भी ग़म के सिवा नहीं देता 

मेरी क़िस्मत का डूबता सूरज 
रौशनी का पता नहीं देता 

लोग कहते हैं तू मसीहा है 
मुझको क्यों कर शिफ़ा नहीं देता 

सबकी उम्मीद बर नहीं आती 
सबको सब कुछ ख़ुदा नहीं देता 

एक ख़ूबी हे उसमे ए हसरत 
वो किसी को दग़ा नहीं देता 


तेरे बिन ज़िन्दगी अब गुनाह हो गयी

on Monday, 6 February 2017
तुझसे उल्फत सनम बेपनाह हो गयी 
तेरे बिन ज़िन्दगी अब गुनाह हो गयी


तूने मुड़ के जो देखा मुझे इक नज़र 
नींद रातों की मेरी तबाह हो गयी


धड़कनें रुक गयीं वक़्त थम सा गया 
मेरी जानिब जब उनकी निगाह हो गयी


तुम मेरे हो गए मैं तुम्हारा हुआ 
आँखों आँखों में यकदम सलाह हो गयी


नाम तेरा लिया हिचकियाँ रुक गयीं 
याद करते हो हिचकी गवाह हो गयी


तेरे हसरत को बस चैन आ जायेगा 
तेरी आगोश में गर पनाह हो गयी 

तुम्हारा नाम ले लेकर

on Thursday, 25 August 2016
१२२२ १२२२ १२२२ १२२२ 

हमारा दिल धड़कता है तुम्हारा नाम ले लेकर 
कोई अरमां मचलता है तुम्हारा नाम ले लेकर 

तुम्हारे ही तख़य्युल में गुज़र जाती है शब् सारी 
हमारा दिन निकलता है तुम्हारा नाम ले लेकर 

दिल ए  बेकल को समझाना बहुत मुश्किल हुआ अब तो 
कलेजे से निकलता है तुम्हारा नाम ले लेकर 

ये आशिक़ है इसे ज़ुल्फों के साये में छिपा लीजे 
दीवाना है संभालता है तुम्हारा नाम ले लेकर 

मुक़द्दर की बुलंदी ने बनाया ........  तुमको 
हमारा काम चलता है तुम्हारा नाम ले लेकर 

तुम्हें अपना बनाने की क़सम खाई है हसरत ने 
दुआ में हाथ मलता है तुम्हारा नाम ले लेकर 



तख़य्युल ----ख़याल 
फैज़िया -----क़ामयाब 
बेकल -------बैचेन 

अच्छे दिन आयेंगे

on Thursday, 10 March 2016
212   212     212      212
फाइलुन फाइलुन  फाइलुन फाइलुन
(बह्र: मुतदारिक मुसम्मन सालिम )



दिल में तेरे सिवा दूसरा कौन है 
तुझको मेरी तरह चाहता कौन है 

साथ मेरे अगर तुझको रहना नहीं 
जा चला जा तुझे रोकता कौन है 

खून किसका बहा किसका घर जल गया 
अब वतन में मेरे सोचता कौन हैं 

अच्छे दिन आयेंगे काला धन आएगा 
इस क़दर दोस्तों फेंकता कौन है 

दिल के आँगन में ये दर्द की शाख़ पर 
फूल सा मुस्कुराता हुआ कौन है 

अब न हसरत कोई मेरी तेरे सिवा 
रब से हर दम तुझे मांगता कौन है 

जो तेरे आस्तां से उठता है

on Monday, 1 February 2016
212   212     1222

ज़ुल्म जब जब जहाँ से उठता है 
ज़लज़ला फिर वहां से उठता है 

रिज्क इतना ही था यहाँ अपना 
काफ़ला अब यहाँ से उठता है 

फिर किसी का जला है घर शायद 
ये  धुआं सा कहाँ से उठता है 

वो कहीं भी सुकूं नहीं पाता 
जो तेरे आस्तां से उठता है 

कौन करता है अब वफ़ादारी 
अब भरोसा जहाँ से उठता है 

अब्र तो दूर तक नहीं हसरत 
शोर क्यों आसमां से उठता है 


ईमान कहता है

on Sunday, 31 January 2016




१२२२ १२२२ १२२२ १२२२ 
रसूले पाक का हमसे यही फ़रमान कहता है 
वतन पे जान दे देना यही ईमान कहता है 

जो मारे बेगुनाहों को मुसलमां हो नहीं सकता 
ज़रा तुम खोल कर देखो यही क़ुरआन कहता है 

झुके हैं ना झुकेंगे हम सितमगर सामने तेरे
हुई थी जंगे करबल जिस पे वो मैदान कहता है 

मेरे असलाफ़ ने सींचा वतन को खून से अपने 
उठाकर देख लो तारीख़ हिन्दुस्तान कहता है 

मोहब्बत से बड़ी कोई इबादत हो नहीं सकती 
मेरा दिल हर घडी मुझसे ये  मेरी जान कहता है 

हसी मेरी उड़ाता है या मुझसे प्यार करता है 
मेरा साथी कभी दानिश कभी  नादान कहता है 

वतन पे हक़ बराबर है हमारा भी तुम्हारा भी 
यही इन्साफ है हसरत यही मीज़ान कहता है 

मनक़बत

on Tuesday, 19 January 2016


१२२२ १२२२ १२२२ १२२२ 
लबों पे है मेरे हरदम तराना गौस ए आज़म का 
दीवाना हूँ दीवाना हूँ दीवाना गौस ए आज़म का 

करिश्मा ऐसा हे जिसको न भूलेगी कभी दुनिया 
फ़क़त ठोकर से मुर्दों को जिलाना गौस ए आज़म का  

अगर जलता है तो जलता रहे नज्दी ज़माने में 
न छोड़ेंगे कभी नारा लगाना गौस ए आज़म का 

ये चोखट क़ातिबे तक़दीर दुनिया में बनी मेरी 
न छोडूंगा कभी भी आस्ताना गौस ए आज़म का 

अजब है मामला उनका अजब है कैफ़ियत उनकी 
ज़मीनों अर्श हैं दोनों ठिकाना गौस ए आज़म का 

ब फज्ले रब वो भरते हैं सभी की झोलियाँ हसरत 
सवाली है तभी तो ये ज़माना गौस ए आज़म का 

नात शरीफ़


दुनिया मैरे आक़ा की है उक़बा मेरे आक़ा का 
बंटता है दोनों आलम में सदक़ा मैरे आक़ा का 

रोयेंगे अपनी क़िस्मत पे सारे नज्दी महशर में 
रोज़े महशर जब देखेंगे जलवा मेरे आक़ा का 

आपकी अज़मत पे क़ुर्बा है बच्चा बच्चा मिल्लत का 
होता है सारे आलम में चर्चा मेरे आक़ा का 

मौत मुझे आगोश में लेने पास मेरे जब भी आये 
उस दम मेरे विर्दे जुबां हो कलमा मेरे आक़ा का 

अर्शे आज़म रब से बोला तेरी शफ़क़त के सदके 
तेरे करम से चूम लिया है तलवा मेरे आक़ा का 

उम्मत मेरी बख्श दे मौला बख्श दे मेरी उम्मत को 
हश्र में सबको बख्शायेगा सजदा मेरे आक़ा का 

दुनिया में भी परचम उनका  हसरत देखो औज़ पे है 
हश्र के दिन भी लहराएगा झंडा मेरे आक़ा का 


वफ़ा कैसे मिलेगी

on Saturday, 16 January 2016

2211 2211 2211 22
नादान भला तू ही बता कैसे मिलेगी 
आंधी से चराग़ों को वफ़ा कैसे मिलेगी 

मुंसिफ़ भी उसी का है उसी की है अदालत 
क़ातिल को गुनाहों की सज़ा कैसे मिलेगी 

हर गुल को सिखा देते हो नफ़रत का सलीक़ा 
गुलशन से तुम्हें बू ए वफ़ा कैसे मिलेगी 

तडपेगा बहुत रोयेगा  दुनिया में सितमगर 
जल्लाद को आसान क़ज़ा कैसे मिलेगी 

ये सोच के कल रात को रोया हूँ बहुत मैं 
दिल तोड़ने वाले को दुआ कैसे मिलेगी 

हसरत तू बता मैं तो बहुत ढूंढ चूका हूँ 
माँ जैसी ज़माने में वफ़ा कैसे मिलेगी 

मोहब्बत कौन करता है

कराके मुल्क में दंगे हुकूमत कौन करता है 
पता सबको है नफरत की सियासत कौन करता है 

इधर नफरत के सौदागर उधर सरहद के रखवाले 
वतन तू ही बता तेरी हिफाज़त कौन करता है 

पुराने हो गए किस्से सभी फ़रहाद शीरीं के 
फ़कत जिस्मों की चाहत है मोहब्बत कौन करता है 

यही हालात कहते हैं यही मंज़र बताते हैं 
ग़रीबों की ज़माने में हिमायत कौन करता है 

अदा हमने किये हैं साया ए तलवार में सजदे 
ख़ुदा की इस तरह जग में इबादत कौन करता है 

सभी मशरूफ़ हैं मक्कारियों की चालसाज़ी में 
कहाँ अखलाक़ वाले हैं मुरव्वत  कौन करता है

सभी अहले वतन खुश हों रहे अमनो अमां कायम 
तमान्ना किसकी ऐसी है ये हसरत कौन करता है 

अब संवरता है कौन दुनिया में

on Thursday, 14 January 2016
इश्क़ करता है कोन  दुनिया में
दिल से मरता है कोन दुनिया में


मुफ़्त शेखी बगारने वाले 
तुझसे डरता है कोन दुनिया में 

महवे हैरत है आसमां मुझ पर 
आहें भरता है कोन दुनिया में 

आईना बन गए हैं हम लेकिन 
अब संवरता है कौन दुनिया में 

सबको करना है कूच दुनिया से 
कब ठहरता है कौन दुनिया में 

अब न मुंसिफ़ कोई उमर जैसा 
अद्ल करता है कौन दुनिया में 

दिल की गहराई से तुझे हसरत 
याद करता है कौन दुनिया में 

मदीने में

on Monday, 16 November 2015

तमन्ना है यही मेरी यही हसरत है सीने में 
मुझे उम्मीद है आक़ा बुलाएँगे मदीने में 

नहीं मुमकिन डुबो दे ये भंवर मेरे सफीने को 
नबी के नाम का परचम लगाया है सफीने में 

अक़ीदत से जो मांगोगे मिलेगा बिलयकीं तुमको 
कमी थी न कमी है मेरे आका के खजीने में 

लगा ले गर इसे दुल्हन महक जाएँ कई नस्लें 
बसी है ऐसी खुशबु मेरे आक़ा के पसीने में 

मुझे अपने ग़ुलामों की ग़ुलामी में सदा रखना 
मैं पत्थर हूँ मेरे आक़ा बदल दीजे नगीने में 

कोई हसरत नहीं बाक़ी मेरे दिल में सिवा इसके 
मेरी जब भी क़ज़ा आये तो आये बस मदीने में 

कोई हसरत नहीं आक़ा मेरे दिल में सिवा इसके 
मुझे भी मौत से पहले बुला लेना मदीने में 

खफा खफा ही लगे

on Monday, 28 September 2015
पिला दे ज़हर भी तू तो मुझे  दवा  ही लगे 
तेरा कसूर भी मुझको तेरी अदा  ही लगे 

हबीब बनता हे रखता हे बुग्ज़ दिल में मगर 

हर एक उसकी दुआ मुझको बद्दुआ ही लगे 

मिला हे हंस के वो मुझसे मेरे गले भी लगा 

मगर मुझे तो वो अब भी खफा खफा ही लगे 

गुज़र गया हे ज़माना बहार  देखे हुए 

ये खिड़की खोलो ज़रा सुबह की हवा ही लगे 

अजीब हाल हे दिल का न पूँछ मेरे सनम

मेरे करीब हे लेकिन जुदा जुदा ही लगे 

यही दुआ हे ये हसरत हे आरज़ू हे मेरी 

गुलाब जैसा ये चेहरा खिला खिला ही लगे 

नात ए पाक

on Saturday, 8 August 2015









ये जो तख्लीके दुनिया हे नबी की ही बदोलत है 
सना ए मुस्तफ़ा करना वज़ीफ़ा हे इबादत है 

ख़ुदा को हमने जाना हे मुहम्मद के बताने से 
उन्ही का ही करम हे ये ,ये उनकी ही इनायत है 

जहाँ में ख़ूब जपता हे तू माला शिर्क़ो बिदअत की 
तू सुन ले ग़ोर से नज्दी तेरी महशर में शामत है 

ज़ियारत ख़्वाब में होती हे उनको ही शहे दीं की 
दरुदे पाक के नगमे सजाना जिनकी आदत है 

फ़रिश्ते अर्श से करने ज़ियारत इनकी  आते हैं
गुलामाने मोहम्मद की ये अज़मत शानो शोक़त है 

ख़ुदा ने कर दिया आला मकामे आले अतहर को 
मोहम्मद के घराने की तो दो आलम में शोहरत है 

वहाँ खैरात बंटती हे यहाँ भी भीख मिलती है 
वहाँ उनका हे मोज़ज़ा यहाँ इनकी करामत है 

मोहम्मद के तवस्सुल से ख़ुदा हमको मिला हसरत 
जो आशिक़ हैं मोहम्मद के उन्ही के नाम जन्नत है  

मन्क़बत

on Thursday, 30 July 2015
                
  कुछ ऐसा फैज़ मिलता हे रज़ा के आस्ताने से 
  अकीदा ठोस होता हे बरेली आने जाने से 

 रज़ा का नाम चमका हे मदीने की तजल्ली से 
 मिटा हे न मिटेगा ये किसी के भी मिटाने से

 मैं रज़वी हूँ मुझे दुनिया रज़ा का शेर कहती हे
 ए नज्दी तू न टकराना रज़ा के इस दीवाने से 

 ये वो अहमद रज़ा हे जिसने निस्बत को ज़िया बख्शी 
  लिपट कर खूब रोया हे नबी के आस्ताने से 

ज़माना  इस लिए अहमद रज़ा को याद करता हे 
बला की उनको निस्बत थी मोहम्मद के घराने से 

मुजद्दिद तो बहुत गुज़रे ज़माने से मगर हसरत 
मेरे अहमद रज़ा जैसा नहीं गुज़रा ज़माने से  

हो के मजबूर उसूलों से बग़ावत की है

on Thursday, 16 April 2015









  जाने  क्या सोच के उसने ये हिमाक़त की है 
   हो के दरिया जो समंदर से अदावत  की है

 खींच लायी हे तेरे दर पे ज़रुरत मुझको 
हो के मजबूर उसूलों से  बग़ावत की है 

हमने ख़ारों पे बिछाया हे बिछोना अपना 
हमने तलवारों के साये में इबादद की है 

अच्छे हमसाये की तालीम मिली हे हमको 
हमने जाँ दे के पडोसी की हिफाज़त की है 

आज आमाल ही पस्ती का  सबब  हैं  वरना
हमने हर दौर में दुनिया पे हुकूमत की है 

दम मेरा कूच -ए -सरकार  जाकर निकले 
 इस तमन्ना के सिवा  कुछ भी न हसरत की है